live in couple/ image source: freepik
Live In Couples Census Rule India: दिल्ली: देश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का पहला चरण आज से शुरू हो गया है, जो 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस चरण को ‘हाउस लिस्टिंग’ फेज कहा जाता है, जिसमें देशभर के मकानों, भवनों और उनकी बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत डेटा जुटाया जाएगा। राजधानी दिल्ली समेत सभी राज्यों में यह प्रक्रिया एक साथ शुरू की गई है। इस दौरान सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर मकानों की गिनती करेंगे और यह जानकारी इकट्ठा करेंगे कि किस घर में कितने लोग रहते हैं, साथ ही वहां उपलब्ध सुविधाओं का भी रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
इस बार की जनगणना कई मायनों में खास है, क्योंकि पहली बार इसे पूरी तरह डिजिटल तरीके से किया जा रहा है। यानी डेटा कलेक्शन से लेकर रिकॉर्डिंग तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से होगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा एक बड़ा बदलाव यह भी किया गया है कि जनगणना में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले कपल्स को शादीशुदा जोड़े की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। यह कदम सामाजिक बदलावों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है और इससे आंकड़ों की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसे ‘जनसंख्या गणना’ फेज कहा जाता है। इस चरण में लोगों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी के साथ-साथ जाति से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी। खास बात यह है कि पहली बार जनगणना के दौरान जाति आधारित डेटा भी एकत्र किया जाएगा, जिसे सामाजिक और आर्थिक नीतियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।