ओडिशा में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं

Ads

ओडिशा में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 04:53 PM IST

भुवनेश्वर, 14 मई (भाषा) ओडिशा में बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिनमें से कुछ पर ‘‘भंडार समाप्त’’ का बोर्ड लगा हुआ था।

हालांकि, राज्य सरकार ने दावा किया कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और यह स्थिति कुछ लोगों द्वारा घबराहट में खरीदारी करने के कारण उत्पन्न हुई है।

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें इस मामले की जानकारी है। राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में निर्णय लेगी।’’

राज्य की राजधानी भुवनेश्वर के अलावा कालाहांडी, केंद्रपाड़ा और अन्य स्थानों से भी पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारों की खबरें सामने आईं।

हालांकि सभी पेट्रोल पंपों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अवरोधक लगाए, वहीं कुछ पेट्रोल पंप ने दोपहिया वाहनों को 200 रुपये तक और चार पहिया वाहनों को 2,000 रुपये तक ही ईंधन लेने की अनुमति देकर आपूर्ति को नियंत्रित किया।

‘उत्कल पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन’ के महासचिव संजय लाथ ने कहा कि यह एक अस्थायी दौर है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोगों से पेट्रोल तथा डीजल का उपभोग करते समय सतर्क रहने की अपील के बाद ईंधन की घबराहट भरी खरीदारी के कारण उत्पन्न हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने प्रधानमंत्री के मितव्ययिता संबंधी संदेश को गलत समझा है। ओडिशा में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार है। यहां कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।’’

लाथ ने बताया कि राज्य में मौजूद 3,000 में से लगभग 100 पंप में पिछले दो-तीन दिनों में लोगों की घबराहट में अधिक खरीदारी के ईंधन भंडारण समाप्त हो गया हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में पेट्रोल और डीजल की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

भाषा यासिर शफीक

शफीक