चंडीगढ़, 26 मई (भाषा) लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने मंगलवार को चंडी मंदिर सैन्य अड्डा स्थित पश्चिमी कमान मुख्यालय के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ का पदभार ग्रहण किया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल पुनीत आहूजा का स्थान लिया है, जिन्होंने सेना मुख्यालय में सामरिक योजना के महानिदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया है।
बयान के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल साही, जिन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, युद्ध सेवा पदक और सेना पदक से सम्मानित किया गया है, ने मुख्यालय पश्चिमी कमान के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ का पदभार संभाला।
पंजाब पब्लिक स्कूल, नाभा और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के पूर्व छात्र, लेफ्टिनेंट जनरल साही दिसंबर 1988 में राजपूत रेजिमेंट की 23वीं बटालियन में शामिल हुए थे तथा वर्तमान में वह राजपूत रेजिमेंट के कर्नल के प्रतिष्ठित पद पर आसीन हैं।
पदभार ग्रहण करने पर, उन्होंने वीर स्मृति समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने संचालन तत्परता बढ़ाने, क्षमता विकास और सभी रैंकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
भाषा सुभाष माधव
माधव