गुना, छह मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना जिले में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार सात वर्षीय एक बालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना गुना से करीब 25 किलोमीटर दूर फतेहगढ़ क्षेत्र के झागर गांव के पास हुई।
झागर चौकी के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अनिल कदम ने बताया कि मोटरसाइकिल पर चार लोग सवार थे और वे फतेहगढ़ से गुना की ओर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मुकेश भील उर्फ बद्दू भील (25), शंकर भील (45) और शंकर के बेटे दीपक (7) की मौत हो गई, जबकि बाबूलाल (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।
कदम ने बताया कि चारों आपस में रिश्तेदार हैं और सेमरा गांव के रहने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत