चेन्नई, तीन जून (भाषा) भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी महेश कुमार अग्रवाल ने बुधवार को यहां अपने कार्यालय में तमिलनाडु के नये पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का पदभार संभाला।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने एक जून को गृह मंत्रालय के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में विशेष महानिदेशक के पद पर कार्यरत अग्रवाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें मूल सेवा में वापस भेजने की बात कही गई थी।
अग्रवाल ने डीजीपी संदीप राय राठौड़ का स्थान लिया है और वह दो वर्षों तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे।
अग्रवाल चेन्नई के पुलिस आयुक्त सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
अगस्त 2025 में डीजीपी शंकर जीवाल की सेवानिवृत्ति के बाद से तमिलनाडु में पिछले नौ माह से पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक नहीं है।
डीजीपी के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का आभार व्यक्त करते हुए अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि मादक पदार्थों के खतरे पर अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के साथ-साथ महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नये डीजीपी ने जनता से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करने का भी अनुरोध किया।
इस बीच, संदीप राय राठौड़ का तबादला कर उन्हें महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं बनाया गया है।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश