नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के मालवीय नगर में हुई आग की घटना में लोगों की मौत पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार को भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में मुख्य रूप से मध्य एशिया और अफ्रीका के कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा