ममता, अभिषेक ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी

Ads

ममता, अभिषेक ने पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 05:43 PM IST

कोलकाता, 14 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 14 फरवरी को 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले 40 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शनिवार को कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा।

ममता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं सीआरपीएफ के उन बहादुर जवानों को सलाम करती हूं, जो 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में आतंकवादी कृत्य के शिकार हुए थे।”

वहीं, तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पोस्ट किया कि भारत 2019 में आज ही के दिन अपने हालिया इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक का गवाह बना था, जब पुलवामा में जघन्य आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों की जान चली गई थी।

उन्होंने लिखा, “उनका बलिदान हमारे राष्ट्र की अंतरात्मा में अंकित है। वे बेटे, पति, पिता, साधारण भारतीय थे, जिन्होंने असाधारण साहस के साथ वर्दी पहनी। लेकिन आतंक के एक ही पल में परिवार बिखर गए, भविष्य छिन गए और शोक में डूबा पूरा देश संकल्प के साथ एकजुट हो गया।”

अभिषेक ने कहा, “उनका बलिदान जवाबदेही, सतर्कता और हमारी संप्रभुता को खतरे में डालने वाली ताकतों के खिलाफ एक मजबूत राष्ट्रीय रणनीति की मांग करता है।”

उन्होंने लिखा, “एक राष्ट्र के रूप में सुरक्षा मामलों में पारदर्शिता, पक्षपातपूर्ण मतभेदों से परे एकजुटता और हर जीवन की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता हमारे शहीदों के प्रति हमारा कर्तव्य है।”

भाषा पारुल माधव

माधव