(फाइल फोटो सहित)
कोलकाता, 26 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सरकार के रेहड़ी पटरी विक्रेताओं के खिलाफ कथित बेदखली अभियान की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा कि फेरीवालों के साथ किए गए व्यवहार से वह ‘‘हैरान, क्रोधित और बेहद दुखी’’ हैं।
‘इंटरनेशनल हॉकर्स डे’ (26 मई) पर बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ने सत्ता में आने के तुरंत बाद फेरीवालों पर अत्याचार किए, उनके स्टॉल ध्वस्त कर दिए और उनकी दिक्कतों की परवाह किए बिना उन्हें सड़कों पर धकेल दिया।’’
बनर्जी ने रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को संबोधित करते हुए लिखा, ‘‘उत्पीड़न करने वालों को निश्चित रूप से परिणाम भुगतने पड़ेंगे। मैं आपके साथ थी, हूं और हमेशा रहूंगी।’’
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि ‘इंटरनेशनल हॉकर्स डे’ अनौपचारिक क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, फेरीवालों और छोटे व्यापारियों के योगदान को मान्यता देने के लिए समर्पित है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं की रीढ़ हैं।
बनर्जी ने पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 का हवाला दिया, जिसे फेरीवालों को मनमानी बेदखली से बचाने के लिए पारित किया गया था। उन्होंने अनुच्छेद 19(1)(जी) और 21 के तहत आजीविका के उनके संवैधानिक अधिकार को मान्यता देने वाले उच्चतम न्यायालय के कई निर्णयों का भी जिक्र किया।
भाषा आशीष माधव
माधव