दिल्ली में खाली प्लॉट बेचने के बहाने ठगी करने वाला शख्स गिरफ्तार
दिल्ली में खाली प्लॉट बेचने के बहाने ठगी करने वाला शख्स गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) दिल्ली में खाली प्लॉट बेचने के बहाने दो लोगों से करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बेगमपुर एक्सटेंशन निवासी आरोपी दीपक उर्फ टूड़ा, 2025 में विजय विहार थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। मामले की कार्यवाही में पेश न होने के बाद जनवरी में रोहिणी की एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘दीपक और उसके साथियों ने बेगमपुर में एक खाली प्लॉट बेचने के बहाने दो व्यक्तियों से लगभग 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की साजिश रची। आरोपियों ने कथित तौर पर संपत्ति के जाली दस्तावेज तैयार किए और संभावित खरीदारों के सामने एक व्यक्ति को फर्जी तरीके से मालिक के रूप में पेश किया।’
शिकायतकर्ताओं को बाद में पता चला कि संपत्ति के दस्तावेज जाली थे और उनके साथ धोखाधड़ी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि दो जनवरी, 2025 को मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान आरोपी को सशर्त जमानत मिल गई थी, लेकिन बाद में वह फरार हो गया और अदालत में पेश होना बंद कर दिया। 20 जनवरी 2026 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।
पुलिस को सूचना मिली कि 23 फरवरी को दीपक किसी से मिलने के लिए सेक्टर-13, रोहिणी जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर निर्धारित स्थान के पास जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


