नूंह में मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, प्रतिबंधित पदार्थ बरामद

Ads

नूंह में मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, प्रतिबंधित पदार्थ बरामद

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 09:51 PM IST

गुरुग्राम, 12 मई (भाषा) नूंह पुलिस ने मंगलवार को छापा मारकर मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी कथित तौर पर अपनी दुकान से ग्राहकों को प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेच रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उसके पास से खांसी की सिरप की 34 बोतलें, मादक पदार्थ के 6,784 कैप्सूल और 2.28 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने पुन्हाना सदर पुलिस थाने में गिरफ्तार किए गए ताहिर समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी दुकान से ग्राहकों को अवैध रूप से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेच रहा है।

इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक छापेमारी दल का गठन किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद मंगलवार को आरोपी की दुकान पर छापा मारा।

मनोता गांव स्थित दुकान पर पुलिस दल के पहुंचने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद गांव के सरपंच की उपस्थिति में उसकी दुकान की तलाशी ली गई।

मामले की सूचना तुरंत गुरुग्राम के मादक पदार्थ निरीक्षक को दी गई, जिन्होंने पुष्टि की कि जब्त किया गया मादक पदार्थ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। पूछताछ के दौरान आरोपी मादक पदार्थ से संबंधित कोई बिल, लाइसेंस या वैध दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहा।

भाषा संतोष माधव

माधव