गुरुग्राम, 23 अप्रैल (भाषा) हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद के सत्र न्यायाधीश का चालक बता कर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 1.80 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने हत्या के प्रयास के मामले में मदद और गिरफ्तारी से सुरक्षा का वादा करके उक्त राशि वसूली।
पुलिस ने बताया कि इस धोखाधड़ी में दो आरोपी संलिप्त थे। मुख्य आरोपी गुरुग्राम जिले के बाबूपुर गांव निवासी नियाज मोहम्मद को बुधवार को गिरफ्तार किया गया जबकि उसका साथी इमरान फरार है।
पुलिस ने बताया कि नूंह जिले के धुंधका गांव निवासी पीड़ित इकबाल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक मोहम्मद ने खुद को न्यायाधीश का वाहन चालक बताया और इमरान के साथ मिलकर, उच्च संपर्कों का दावा करके शिकायतकर्ता का विश्वास जीता।
शिकायत के मुताबिक दोनों ने इकबाल से यह वादा करके 1.8 लाख रुपये लिए कि वे उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत दर्ज मामले को रफा-दफा करवा देंगे और गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान करेंगे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक राशि का भुगतान किये जाने के बावजूद उसे कोई राहत नहीं मिली और किए गए वादे पूरे नहीं हुए।
इकबाल के मुताबिक आरोपी ने हालांकि बाद में 80 हजार रुपये लौटा दिये, लेकिन शेष एक लाख रुपये मांगने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई।
इकबाल ने इसके बाद नूंह सदन पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस ने मोहम्मद को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘‘हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं और उसके साथी को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश