पटियाला में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या, सिद्धू एवं अमरिंदर ने आप सरकार पर निशाना साधा

Ads

पटियाला में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या, सिद्धू एवं अमरिंदर ने आप सरकार पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - April 6, 2022 / 07:17 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:09 PM IST

चंडीगढ़, छह अप्रैल (भाषा) पंजाब के पटियाला जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की उसकी जान-पहचान के कुछ लोगों के साथ कहासुनी होने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस हत्या के बाद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कानून व्यवस्था को लेकर आप सरकार की आलोचना की है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार रात को पटियाला में पंजाबी विश्वविद्यालय के पास कहासुनी के बाद दौन कलां गांव के धमिंदर सिंह की हत्या कर दी गयी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है । इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

सिद्धू ने ट्विट पर यह वीडियो क्लिप साझा किया एवं लिखा, ‘‘ पंजाब में कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गयी है और मुख्यमंत्री हिमाचल की शीतल बयार में वोट मांगने में व्यस्त हैं। पटियाला में दो और सुनियोजित हत्याएं हुईं। औसतन रोजाना तीन-चार हत्याएं हो रही हैं, लोग डर के साये में हैं। आपके दायित्व के निर्वहन का सबसे अच्छा तरीका चीजें संभालना होता है।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी में आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ थे जहां पार्टी ने अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। हिमाचल प्रदेश में इस साल बाद में विधानसभा चुनाव होने हैं।

सिंह ने भी आप सरकार पर निशाना साधा एवं ट्वीट किया, ‘‘ पंजाब में हिंसा की घटनाओं में हाल की वृद्धि चिंताजनक है। पंजाब पुलिस इन स्थितियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है बशर्तें उसे पंजाब सरकार कड़ी कार्रवाई करने की छूट दे। किसी को भी इतनी मशक्कत से पंजाब में कायम हुई शांति को भंग करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’

भाषा

राजकुमार उमा

उमा