कर्नाटक में मुख्यमंत्री परिवर्तन को लेकर अटकलें न लगाए मीडिया: सुरजेवाला

Ads

कर्नाटक में मुख्यमंत्री परिवर्तन को लेकर अटकलें न लगाए मीडिया: सुरजेवाला

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 06:57 PM IST

बेंगलुरु, 27 मई (भाषा) कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों के बीच कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि पार्टी ने विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है। राज्य के प्रभारी एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को मीडिया से इस मुद्दे पर कयास न लगाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेतृत्व संबंधी मामलों पर निर्णय लेने में सक्षम है और पार्टी कोई भी निर्णय लिए जाने पर जनता को सूचित करेगी। उन्होंने कहा, “तब तक, कृपया अटकलें न लगाएं।”

सुरजेवाला ने कहा, “फिलहाल, कांग्रेस पार्टी द्वारा विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है। अभी तक कोई अन्य निर्णय नहीं लिया गया है। जैसे-जैसे स्थिति में बदलाव आएगा, हम आपको सूचित करते रहेंगे। मैं आपको यह नहीं बता सकता कि एक महीना, 20 दिन, कल, छह महीने या एक साल बाद क्या होगा—यह तो अटकलबाजी होगी।”

यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं आपसे हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं कि अटकलों में न पड़ें।”

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इस बात की अटकलें तेज हैं कि सिद्धरमैया अगले कुछ दिनों में, संभवतः बृहस्पतिवार को, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और अपने उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को पद दे सकते हैं।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश