शिलांग, एक मई (भाषा) मेघालय में शुक्रवार को डिजिटल जनगणना शुरू होने पर सबसे पहले राज्यपाल सी एच विजयशंकर ने अपना पंजीकरण कराया और उन्होंने नागरिकों से इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा आज बाद में पंजीकरण करायेंगे।
राज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में अपना पंजीकरण कराया, जो राज्य भर में निर्बाध डेटा संग्रहण और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई डिजिटल जनगणना पहल की शुरुआत थी।
नागरिकों से इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील करते हुए, विजयशंकर ने कहा कि डिजिटल मंच पर आने से यह प्रक्रिया अधिक सुलभ, कुशल और पारदर्शी हो जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘डिजिटल जनगणना शासन को अधिक उत्तरदायी और डेटा-आधारित बनाने की दिशा में एक कदम है। मैं सभी नागरिकों से राज्य और राष्ट्र के हित में इस पहल में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करता हूं।’’
राज्यपाल ने कहा, ‘‘जनगणना की सफलता जनसहयोग पर निर्भर करती है। व्यापक भागीदारी से एक विश्वसनीय डेटाबेस बनाने में मदद मिलेगी जो समावेशी विकास का समर्थन करेगा।’’
अधिकारियों ने कहा कि यह पहल जनगणना 2027 की तैयारियों का हिस्सा है और इसका उद्देश्य गणना को सरल बनाना तथा डेटा संग्रह की सटीकता और विश्वसनीयता में सुधार करना है।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश