मेघालय: यूएसटीएम के दो संकाय सदस्यों को शीर्ष वैज्ञानिकों में स्थान दिया गया

Ads

मेघालय: यूएसटीएम के दो संकाय सदस्यों को शीर्ष वैज्ञानिकों में स्थान दिया गया

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 08:31 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 08:31 PM IST

शिलांग, दो जुलाई (भाषा) नैनो-जैव प्रौद्योगिकी और हरित कार्बनिक संश्लेषण के क्षेत्र में अग्रणी शोध के लिए मेघालय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूएसटीएम) के दो संकाय सदस्यों को ‘2025 साईरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री’ में दुनिया के शीर्ष वैज्ञानिकों में स्थान दिया गया है। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।

यह सम्मान अनुप्रयुक्त जीव विज्ञान (एप्लाइड बायोलॉजी) विभाग के युगल किशोर मोहंता और रसायन विज्ञान विभाग के मोहित एल. देब को प्रदान किया गया है।

‘साईरैंक’ एक ऐसा अंतरराष्ट्रीय मंच है जो शोधकर्ताओं की गुणवत्ता और प्रभाव का आकलन उनके शोध कार्य और शैक्षणिक क्षेत्र में उनके योगदान के आधार पर करता है।

बयान के अनुसार दुनिया के शीर्ष पांच प्रतिशत शोधकर्ताओं में शामिल होना वैज्ञानिक उत्कृष्टता का एक महत्वपूर्ण मानक माना जाता है।

यूएसटीएम के कुलाधिपति महबूबुल हक ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की मजबूत शोध प्रणाली विकसित करने और नवाचार-आधारित शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हक ने कहा, ‘‘यह उपलब्धि न केवल यूएसटीएम के लिए, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। हमारे संकाय सदस्यों को मिली वैश्विक पहचान यह दर्शाती है कि इस क्षेत्र से निकलने वाला गुणवत्तापूर्ण शोध दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शोध के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकता है।’’

कुलपति प्रो. जी. डी. शर्मा ने कहा कि यह मान्यता दोनों वैज्ञानिकों द्वारा प्रदर्शित समर्पण, दृढ़ता और उत्कृष्टता का प्रमाण है।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश