जयपुर, 11 जून (भाषा) राजस्थान में चूरू जिले के हमीरवास थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति ने कुल्हाडी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद पांच साल के अपने बेटे के साथ कुंड में कूद कर कथित आत्महत्या का प्रयास किया।
थानाधिकारी राधेश्याम ने बताया कि रबूडी गांव निवासी राजपाल (38) ने शनिवार रात को खेत में कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी लता (33) की हत्या कर दी और बाद में अपने पांच वर्षीय बेटे मोहित के साथ घर के पास बने एक कुंड में कूद गया।
उन्होंने बताया कि बच्चे के शोर मचाने पर परिजनों ने दोनों को कुंड ने निकाल लिया और अब राजपाल को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
राधेश्याम ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी ट्रक चालक मानसिक रूप से बीमार है और वह दवाइयां भी ले रहा है।
उन्होंने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उनके अनुसार इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 302 (हत्या) और 307 (बच्चे की हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा कुंज राजकुमार