नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार और एक संस्था हैं।
मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में ऐतिहासिक 8,931 दिन पूरे किए हैं।
चौहान ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि मोदी अब भारत में निर्वाचित सरकार के सबसे लंबे समय तक कार्यरत प्रमुख बन गए हैं और उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता चौहान ने मोदी को देश के लिए अथक परिश्रम करने वाला और सार्वजनिक जीवन में समर्पण का उदाहरण पेश करने वाला नेता बताया।
उन्होंने भाजपा मुख्यालय में कहा, “मोदी जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, एक संस्था हैं। सार्वजनिक पद पर सबसे अधिक दिन बिताना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इससे भी अधिक उल्लेखनीय बात यह है कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में जनकल्याण के प्रति अथक प्रतिबद्धता दिखाई है।”
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों के पीछे राष्ट्रवाद ही मूल प्रेरक शक्ति रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हर भूमिका में, मैंने उनमें जो मूल प्रेरणा देखी है, वह राष्ट्रवाद है – राष्ट्र प्रथम, राष्ट्र सर्वोपरि। वे भारत माता के सच्चे भक्त और जनता के सेवक हैं। यही उनके कार्यों की मूलभूत प्रेरणा है।”
चौहान ने कहा कि भ्रष्टाचार और जनता में निराशा के दौर में मोदी “विश्वास के प्रतीक” के रूप में उभरे।
उन्होंने कहा, “मुझे 2011-13 के वे काले दिन याद हैं, जब घोटाले और भ्रष्टाचार व्यापक थे और लोग निराश थे। उस अंधकार में नरेन्द्र मोदी आस्था और विश्वास के प्रतीक बनकर उभरे।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह विश्वास व्याप्त गया कि ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’। 2014 में, दुनिया ने आश्चर्य से देखा कि उनके (मोदी) नेतृत्व में एक ही पार्टी ने बहुमत के साथ सरकार बनाई।”
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के एक नए चरण की शुरुआत हुई, जिससे लोगों को यह विश्वास हो गया कि “अगर मोदी हैं, तो सबकुछ संभव है।”
चौहान ने कहा, “जो कभी असंभव लगता था, वह अब संभव होने लगा है – राजमार्ग, हवाई अड्डे, बंदरगाह, रेलवे, मेट्रो और बुलेट ट्रेन पर चर्चा।”
सरकार की प्रमुख पहलों का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि कई योजनाओं ने निवेश और कल्याण को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा, “मेक इन इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और स्टार्ट-अप इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने निवेश, आशा और विश्वास का एक नया वातावरण बनाया है।”
उन्होंने महिला सशक्तीकरण के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “महिलाओं के लिए शिक्षा, कल्याणकारी योजनाएं और आर्थिक सशक्तीकरण की पहल जैसे ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम शुरू किए गए।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “तीन करोड़ का लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया गया है और अब लक्ष्य 6 करोड़ है। महिला सशक्तीकरण एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है, जिसमें विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण शामिल है।”
राष्ट्रीय सुरक्षा पर चौहान ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और हवाई हमले सहित कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, “हम दुनिया के प्रति मित्रवत हैं, लेकिन दृढ़ हैं। अच्छाई के लिए फूल की तरह कोमल और दुश्मनों के लिए वज्र की तरह कठोर। नक्सलवाद का अंत निकट है।”
प्रमुख राजनीतिक निर्णयों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो मुद्दे कभी नारे मात्र माने जाते थे, वे अब साकार हो चुके हैं। उन्होंने कहा, “एक कार्यकर्ता के रूप में, मुझे वे नारे याद हैं जो हम लगाया करते थे – ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’। उस समय, यह सिर्फ एक नारा लगता था। यहां तक कि ‘हम राम मंदिर बनाएंगे’ भी दूर की बात लगती थी।”
उन्होंने कहा, “लेकिन आज, देश और दुनिया ने देखा है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और अनुच्छेद 370 निरस्त हो चुका है। जो असंभव लगता था, वह संभव हो गया है।”
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मोदी लोगों से सीधे जुड़ते हैं। चौहान ने मोदी को ‘‘समाज सुधारक’’ और ‘‘असाधारण श्रोता’’ बताया।
उन्होंने कहा कि एक समृद्ध, मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना मोदी के नेतृत्व में पूरा होगा।
चौहान ने यह भी कहा कि इतिहास चक्रों में चलता है और लंबे समय के बाद ही मोदी जैसे नेता जन्म लेते हैं।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल