गुरुग्राम में 1.94 लाख रुपये के 43 चालान लंबित होने पर मोटरसाइकिल जब्त

Ads

गुरुग्राम में 1.94 लाख रुपये के 43 चालान लंबित होने पर मोटरसाइकिल जब्त

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 08:24 PM IST

गुरुग्राम, 25 अगस्त (भाषा) गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वजीराबाद चौक पर जांच अभियान के दौरान एक ऐसी मोटरसाइकिल जब्त की जिस पर यातायात नियमों के उल्लंघन के 43 चालान लंबित थे और कुल 1.94 लाख रुपये का जुर्माना बकाया था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवार को रोका गया और उससे वाहन के दस्तावेज दिखाने को कहा गया लेकिन वह ऐसा नहीं कर सका।

जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल पर मोटर यान अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों के तहत 43 चालान लंबित थे और कुल 1,94,000 रुपये का जुर्माना बकाया था।

पुलिस ने बताया कि ज्यादातर चालान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने, बीमा के बिना वाहन चलाने और उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) नहीं होने के थे। इसके अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों के भी चालान थे।

एक अधिकारी ने बताया कि लंबित चालानों के कारण मोटरसाइकिल को जब्त कर निर्धारित स्थान पर खड़ा कर दिया गया।

यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और काफी समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र जैसे जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की भी अपील की।

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश