कांठी, नौ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मां गायत्री अधिकारी ने शनिवार को कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई घटना की पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए काम करे।
शुभेंदु की मां गायत्री और पिता शिशिर अधिकारी ने कहा कि बंगाल के लोग राज्य में पहली भाजपा सरकार की उनके बेटे के बागडोर संभालने से उनसे भी ज्यादा खुश हैं।
शुभेंदु और भाजपा के पांच अन्य विधायकों ने शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शपथ ली।
अपने बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर गर्व व्यक्त करते हुए गायत्री अधिकारी ने कहा, ‘‘मैं उनसे कहूंगी कि वह अब आरजी कर बलात्कार व हत्या पीड़िता तथा अत्याचारों का सामना करने वाले अन्य सभी लोगों को न्याय दिलाने के लिए काम करें।’’
पीड़िता, जो स्नातकोत्तर प्रशिक्षु थी, के साथ 9 अगस्त 2024 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी के दौरान बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया।
उसकी मां रत्ना देबनाथ ने पनिहाटी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता है।
शुभेंदु की मां ने कहा कि उनके बेटे ने पिछले पांच वर्षों से तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ अथक संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री की मां ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और समाज के गरीब वर्गों के हितों की रक्षा जैसे मुद्दों पर भी ध्यान दे।
तीन बार सांसद रहे शिशिर अधिकारी ने दावा किया कि नंदीग्राम में जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व उनके बेटे ने किया था।
नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण विरोधी मंच द्वारा 2007 में चलाया गया एक साल लंबा आंदोलन, साथ ही 2008 में सिंगूर में हुआ आंदोलन, उन प्रमुख कारणों में से एक था, जिनके चलते ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में 34 साल के वाम मोर्चे के शासन को समाप्त कर दिया था।
शिशिर ने कहा, ‘‘शुभेंदु को विभिन्न हथकंडों से नेपथ्य में धकेलने की कोशिश की गई, लेकिन आज उनके साथ आम लोगों ने भी जीत हासिल की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ नंदीग्राम की बात नहीं है। कोलकाता और पूरे पश्चिम बंगाल की संस्कृति और भावना को मान्यता मिली है।’’
अपने बेटे के संघर्ष को याद करते हुए, गायत्री अधिकारी ने बताया कि शुभेंदु, जो पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता थे, पर तीन-चार बार जानलेवा हमले हुए थे।
गायत्री ने शुभेंदु के मुख्यमंत्री बनने पर कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं, लेकिन बंगाल की जनता मुझसे भी ज्यादा खुश है।’’
शुभेंदु के पिता शिशिर अधिकारी, कांठी लोकसभा क्षेत्र से तीन बार तृणमूल कांग्रेस के सांसद रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी के परिवार के सदस्य भी 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले से भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।
भाषा सुभाष धीरज
धीरज