ओडिशा के अधिकारी के व्हाट्सएप खाते में सेंधमारी में नाइजीरियाई नागरिक का हाथ होने का शक

Ads

ओडिशा के अधिकारी के व्हाट्सएप खाते में सेंधमारी में नाइजीरियाई नागरिक का हाथ होने का शक

  •  
  • Publish Date - November 17, 2021 / 08:24 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:40 PM IST

भुवनेश्वर, 17 नवंबर (भाषा) ओडिशा पुलिस को राज्य संचालित ‘ओडिशा कंप्यूटर एप्लीकेशन सेंटर’ (ओसीएसी) के सीईओ के व्हाट्सएप खाते को हैक करने में बेंगलुरु में रह रहे एक नाइजीरियाई नागरिक की कथित संलिप्तता का पता लगा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राज्य पुलिस की अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजीव पांडा ने संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली में भी इसी तरह की साइबर धोखाधड़ी हुई थी और मुख्य आरोपी चिमेलम इमैनुएल अनिवेतालु (33) उर्फ​मॉरिस डेगरी को एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था जोकि नाइजीरिया का नागरिक है।

अधिकारी ने कहा कि उसका एक सहयोगी जोकि नाइजीरियाई नागरिक है, वह ओसीएसी के सीईओ मनोज कुमार पटनायक के व्हाट्सएप खाते को हैक करने में शामिल है।

उन्होंने कहा, ”यह व्यक्ति दिल्ली पुलिस की ‘वांछित सूची’ में भी शामिल है। हम आरोपी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए अपने दिल्ली और बेंगलुरु समकक्षों के साथ समन्वय कर रहे हैं।”

कुछ दिनों पहले कथित तौर पर पटनायक के व्हाट्सएप खाते को हैक कर पटनायक के नाम पर रिश्तेदारों से पैसे की मांग की गई थी।

अधिकारी ने कहा कि पटनायक की संपर्क सूची में शामिल पांच लोगों से सात लाख रुपये ठगे गए जोकि धोखाधड़ी करने वालों के बैंक खातों में भेजे गए थे।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश