दिल्ली में कारोबारी को लूटने के आरोप में नौ गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में कारोबारी को लूटने के आरोप में नौ गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 25, 2021 / 11:23 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:42 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में कारोबारी से 30 लाख रुपये की हुई लूट में कथित तौर पर शामिल नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डकैती में पांच लोग शामिल थे जिनकी पहचान रजत (21), संतोष (24), दीपक (23), परवीन सिद्दीकी (24) और समीर (25) के तौर पर की गई है जबकि पूरी घटना की साजिश रचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कथित साजिशकर्ताओं की पहचान जफर (25), राकेश (26), विकास (26) और सुमित (21) के तौर पर की गई है। पुलिस ने इसके पास से लूटी गई 30 लाख रुपये की राशि भी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस ने बताया कि पांच जुलाई को चार अज्ञात व्यक्ति प्रवीण जैन के कार्यालय में चावल का नमूना देखने के बहाने आए थे और वहां पर बंदूक के बल पर रुपये और मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए थे।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) उषा रंगनानी के मुताबिक सीसीटीवी से पुलिस को पता चला कि लुटेरे सुलेमान नगर से आए थे, इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल के नंबर का भी पता चला। इसके आधार पर सबसे पहले विकास और सुमित की गिरफ्तारी हुई और अपराध में शामिल दोनों मोटरसाइकिल को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इनसे पूछताछ के बाद बाकी आरोपियों का पता चला, सभी सुलेमान नगर के ही रहने वाले थे।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत