गग्गल हवाई अड्डा भूमि सौदों की एसआईटी जांच में नौ बेनामी विनिमयों का पता चला: मुख्यमंत्री सुक्खू

Ads

गग्गल हवाई अड्डा भूमि सौदों की एसआईटी जांच में नौ बेनामी विनिमयों का पता चला: मुख्यमंत्री सुक्खू

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 08:40 PM IST

शिमला, 25 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि कांगड़ा जिले में गग्गल हवाई अड्डे के आस-पास भूमि के खरीद-फरोख्त की एक विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गयी पड़ताल में नौ संदिग्ध ‘बेनामी’ सौदों का पता चला है।

सुक्खू ने कहा, ‘‘अब तक इन मामलों के बारे में नौ अलग-अलग स्थिति रिपोर्ट सौंपी जा चुकी हैं। जांच के दौरान चार प्रकरणों में सतर्कता विभाग के पास आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर चार अन्य मामलों में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित उपायुक्तों को निर्देश दिये गये हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी जांच में सामने आए मामलों को हिमाचल प्रदेश काश्तकारी और भूमि सुधार अधिनियम, 1972 की धारा 118 के तहत ज़रूरी कार्रवाई के लिए उपायुक्तों को भेज दिया गया है।

सुक्खू ने यह भी कहा कि जांच के दौरान किसी व्यक्ति की राजनीतिक संबद्धता, पद या प्रभाव को ध्यान में नहीं रखा जाएगा, क्योंकि सरकार के लिए केवल तथ्य, सबूत और कानून ही सबसे महत्वपूर्ण हैं।

आरोप था कि कुछ लोगों ने जमीन अधिग्रहण की स्थिति में भारी मुआवजा पाने के लिए, प्रस्तावित हवाई अड्डा इलाके और गगरेट क्षेत्र के आस-पास गरीब एवं आम परिवारों से ज़मीनें काफ़ी कम कीमत पर खरीदी थीं।

एसआईटी की घोषणा 17 फरवरी को की गई थी और 18 फरवरी को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने धर्मशाला पुलिस उपमहानिरीक्षक की अध्यक्षता में चार सदस्यीय एसआईटी का गठन किया।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश