नोएडा, सात मई (भाषा) कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी व्यक्ति को उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की सूरजपुर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीर सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इससे पहले वीर के एक साथी को बुधवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
सूरजपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक, साकीपुर गांव में रहने वाले साजन भाटी की कुछ लोगों ने बुधवार तड़के गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि मामले में वांछित वीर नामक बदमाश को बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
कुमार के अनुसार, तिलपता गांव के पास हुई मुठभेड़ में एक गोली वीर के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि वीर के पास से एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
भाषा
सं मनीषा पारुल
पारुल