ओडिशा के बौध में अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत, आठ घायल
ओडिशा के बौध में अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत, आठ घायल
भुवनेश्वर, 21 सितंबर (भाषा) ओडिशा के बौध जिले में रविवार को एक अवैध पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के हरभंगा ब्लॉक के पुरुनाकटक पुलिस थाना क्षेत्र के जियाकाटा-छत्रपुर में एक पटाखा गोदाम में दोपहर के समय हुई।
उसने बताया कि धमाका इतना जबरदस्त था कि गोदाम मलबे में तब्दील हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुरुनाकटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
बौध के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल गोयल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मृतक की पहचान पुरुनाकटक थाना क्षेत्र के छत्रपुर गांव निवासी लक्ष्मींद्र बेहरा (40) के रूप में हुई है। इस घटना में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस, अग्निशमन कर्मियों, बम निरोधक दस्ते, वैज्ञानिक दल और खोजी कुत्तों की मदद से व्यापक बचाव अभियान चलाया गया, क्योंकि मलबे के नीचे कुछ लोगों के होने का संदेह था।
गोयल ने कहा, ‘‘गोदाम में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक पदार्थ जमा किए गए थे। संदिग्धों की तलाश जारी है और एक बड़े अभियान के तहत जिले में पटाखों के तीन गोदाम को सील किया गया है।’’
पुलिस ने कहा कि विस्फोट के कारण का पता लगाने और सुरक्षा उल्लंघनों के संबंध में जांच की जा रही है।
भाषा शफीक पारुल
पारुल

Facebook


