फगवाड़ा, दो अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के फगवाड़ा-जालंधर खंड पर बृहस्पतिवार को अपनी कार में बैठे एक व्यक्ति पर दूसरी कार में बैठे लोगों ने गोली चलाई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सुखविंदर कुमार उर्फ हनी बाल-बाल बच गए क्योंकि वह तेजी से गाड़ी चलाकर भाग निकले।
फगवाड़ा के कांशी नगर निवासी सुखविंदर ने पत्रकारों को बताया कि वह गाड़ी चला रहे थे तभी राजमार्ग पर एक होटल के पास उन पर गोली चलाई गई।
सुखविंदर ने कहा कि मादक पदार्थ से जुड़े लोग गोलीबारी के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं जिनके खिलाफ पिछले साल मामला दर्ज किया गया था।
गोलीबारी के संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भाषा आशीष अमित
अमित