रांची, 25 मार्च (भाषा) झारखंड की सीआईडी ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उनसे 10 लाख रुपये ऐंठने के आरोपी को बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी के रूप में पेश करते हुए पीड़ित को धमकाया और दबाव डालकर विभिन्न बैंक खातों में राशि स्थानांतरित करा ली।
पुलिस की यह कार्रवाई रांची के साइबर अपराध थाने में 25 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज एक मामले में की गई।
सीआईडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इस मामले के सिलसिले में मंगलवार सुबह बिहार के दरभंगा से आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।’’
उन्होंने कहा कि इस मामले में इस्तेमाल किये गये सिम कार्ड आरोपियों द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त किये गये थे।
उन्होंने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।
भाषा
शफीक देवेंद्र
देवेंद्र