केंद्र सरकार के विभागों के खिलाफ 2025-26 में 18 लाख से अधिक लोक शिकायतें मिलीं: सरकार

Ads

केंद्र सरकार के विभागों के खिलाफ 2025-26 में 18 लाख से अधिक लोक शिकायतें मिलीं: सरकार

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 06:49 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि 2025-26 के दौरान केंद्र सरकार के विभागों के खिलाफ 18.33 लाख से ज्यादा जन शिकायतें मिलीं।

केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि केंद्र सरकार के मंत्रालयों/विभागों के खिलाफ कुल 18,33,972 शिकायतों में से 18,12,923 का निपटारा किया गया।

उन्होंने बताया कि 2024-25 और 2023-24 के दौरान केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों से जुड़ी क्रमशः 16,73,645 और 17,37,599 जन शिकायतें मिलीं।

मंत्री ने कहा कि ये शिकायतें केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली (सीपीग्राम्स) के जरिए मिलीं, जिस पर ऐसी शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा है।

सिंह ने कहा कि सरकार ने सीपीग्राम्स को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि इस तरह के बड़े सुधारों में प्रणाली की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी को अपनाना, फीडबैक कॉल सेंटर शुरू करना, मोबाइल ऐप आदि के जरिए सीपीग्राम्स की उपलब्धता, शिकायत निपटारे की तय समय-सीमा को 30 दिन से घटाकर 21 दिन करना और शिकायत दर्ज करने के लिए एआई-आधारित बहुभाषी ‘वॉयस-फर्स्ट’ चैटबॉट ‘समाधान दीदी’ को लॉन्च करना शामिल है।

भाषा वैभव सुभाष

सुभाष