चंडीगढ़, 20 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने रविवार को फरीदकोट में सीमा पार हेरोइन तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों के पास से 47 किलोग्राम से अधिक हेरोइन तथा हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि फरीदकोट पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सीमा पार हेरोइन तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल, तीन मैगजीन, 15 कारतूस और दो वाहन बरामद किए गए।
उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि आरोपी पंजाब में हेरोइन एवं अवैध हथियारों की सीमा पार तस्करी में शामिल एक नेटवर्क से जुड़े हैं।
फरीदकोट के सादिक थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि व्यापक नेटवर्क का पता लगाने और उससे जुड़ी कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन