गुजरात के उमरेठ विधानसभा उपचुनाव में 59 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया

Ads

गुजरात के उमरेठ विधानसभा उपचुनाव में 59 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 10:21 PM IST

आणंद (गुजरात), 23 अप्रैल (भाषा) गुजरात के आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को हुए उपचुनाव में 59.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पिछले महीने इस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई है जिसके बाद यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्षद गोविंदभाई परमार और कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान के बीच सीधा मुकाबला है। तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी का उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

चुनाव अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 59.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और दिन भर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्र में बनाए गए 306 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे संपन्न हुआ।

दोनों मुख्य उम्मीदवारों ने सुबह मतदान किया और चुनाव जीतने का भरोसा जताया।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस उपचुनाव में कुल 2,45,623 मतदाता वोट डालने के हकदार थे।

वोटों की गिनती चार मई को होगी।

भाजपा ने हर्षद परमार को मैदान में उतारा है, जो चार बार के विधायक रहे गोविंद परमार के बेटे हैं। गोविंद परमार का छह मार्च को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। यह हर्षद परमार का पहला बड़ा चुनाव है।

दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवार चौहान (62) अनुभवी स्थानीय नेता हैं जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

चौहान ने वर्ष 2000 से 2015 के बीच लगातार तीन कार्यकाल तक उमरेठ तालुका पंचायत के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह वर्तमान में गुजरात के मध्य क्षेत्र के लिए पार्टी के समन्वयक हैं।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में गोविंद परमार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार जयंत पटेल को 25,000 से अधिक वोट के अंतर से हराकर उमरेठ सीट बरकरार रखी थी।

भाषा

राखी माधव

माधव