कर्नाटक में पंचायत चुनाव अक्टूबर या नवंबर में हो सकते हैं: मंत्री

Ads

कर्नाटक में पंचायत चुनाव अक्टूबर या नवंबर में हो सकते हैं: मंत्री

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 07:18 PM IST

बेंगलुरु, 11 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री ईश्वर खंड्रे ने शनिवार को कहा कि राज्य में ग्राम, तालुक एवं जिला पंचायत चुनाव अक्टूबर या नवंबर में होने की संभावना है।

खंड्रे ने कहा कि जैसे ही परिसीमन की प्रक्रिया और आरक्षण का खाका तय करने का काम पूरा हो जाएगा, प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप दिया जाएगा।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘सभी निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन तथा तालुक एवं जिला पंचायतों के लिए आरक्षण को अंतिम रूप देने का काम जारी है। मंत्रिमंडल में इस पर चर्चा हो चुकी है तथा मुख्यमंत्री एवं सभी मंत्री ग्राम, तालुक और ज़िला पंचायत चुनाव कराने के इच्छुक हैं।’’

खंड्रे ने कहा, ‘‘मैं लोगों को बताना चाहता हूं कि ग्राम, तालुक और ज़िला पंचायत के सभी चुनाव अक्टूबर या नवंबर में होंगे।’’’

शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में देरी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी अभी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में व्यस्त हैं, इसलिए अतिरिक्त समय मांगा गया है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत कर्नाटक की ग्राम पंचायतों के लिए 2,186.20 करोड़ रुपये जारी नहीं किए हैं।

उन्होंने कहा कि सॉफ्टवेयर से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों का हवाला देकर केंद्र का निधि रोकना सही नहीं है। उन्होंने कर्नाटक के सांसदों से इस मामले पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष के इस कथन के बारे में कि ‘एक देश, एक चुनाव’ की व्यवस्था 2029 तक लागू हो सकती है, खंड्रे ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का रवैया तानाशाही वाला है और वह देश पर पूरा नियंत्रण चाहती है।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल