अरुणाचल प्रदेश: भारत-म्यांमा सीमा पर छह साल बाद फिर शुरू हुआ पैंगसौ पास ‘बॉर्डर हाट’

Ads

अरुणाचल प्रदेश: भारत-म्यांमा सीमा पर छह साल बाद फिर शुरू हुआ पैंगसौ पास 'बॉर्डर हाट'

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 08:02 PM IST

ईटानगर, 30 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री न्यातो दुकम ने बृहस्पतिवार को चांगलांग जिले में भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित पैंगसौ पास ‘बॉर्डर हाट’ (सीमावर्ती बाजार) का फिर से संचालन शुरू होने पर इसका उद्घाटन किया।

नामपोंग स्थित पैंगसौ पास पर यह सीमावर्ती बाज़ार छह साल के अंतराल के बाद दोबारा शुरू हुआ है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सभा को संबोधित करते हुए दुकम ने स्थानीय आर्थिक विकास को गति देने में व्यापारिक गतिविधियों की अहम भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और प्रशासनिक निकायों सहित सभी हितधारकों से इस सीमा पार व्यापार को एक जीवंत और टिकाऊ आर्थिक ज़रिया बनाने में सक्रिय रूप से जुटने का आग्रह किया।

पैंगसौ पास के ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने क्षेत्रीय व्यापार और संपर्क को और बढ़ावा देने के लिए नामपोंग में जल्द ही एक ‘लैंड पोर्ट’ बनाने की योजना की भी घोषणा की।

लैंड पोर्ट दो देशों की ज़मीनी सीमा पर बना एक ऐसा केंद्र होता है, जहां सुरक्षा, सीमा शुल्क और दस्तावेज़ों की जांच के बाद सामान, वाहनों तथा लोगों को सीमा पार आने-जाने की अनुमति दी जाती है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश