हरियाणा की जनता बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों के साथ सहयोग करें: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Ads

हरियाणा की जनता बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों के साथ सहयोग करें: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 07:51 PM IST

चंडीगढ़, 11 जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने शनिवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान लोगों से बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और निर्वाचन कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बीएलओ और निर्वाचन अधिकारी घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण व संग्रहण कर रहे हैं।

श्रीनिवास ने सभी पात्र मतदाताओं से इस कार्य में पूरा सहयोग देने का आग्रह किया।

उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव संबंधी कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने, सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी, साफ-सुथरी, सटीक और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।

उन्होंने मतदाताओं को याद दिलाया कि 14 जुलाई विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि है।

अधिकारी ने मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा से पहले अपने-अपने बीएलओ को भरे हुए प्रपत्र सौंपने की अपील की।

उन्होंने 10 जुलाई को हुई एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के नाथूसरी चौपटा गांव के बूथ संख्या-73 पर चुनावी ड्यूटी के दौरान एक बीएलओ और उनके सहायक के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया और उनके काम में बाधा पहुंचाई गई।

श्रीनिवास ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा राखी जितेंद्र

जितेंद्र