आरएसएस के हाथों की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं प्रधानमंत्री: खरगे

आरएसएस के हाथों की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं प्रधानमंत्री: खरगे

आरएसएस के हाथों की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं प्रधानमंत्री: खरगे
Modified Date: January 26, 2024 / 11:48 am IST
Published Date: January 26, 2024 11:48 am IST

बेंगलुरु, 26 जनवरी (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हाथों की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि संघ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान को विकृत करने की साजिश रच रहे हैं।

खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव में उतरने और संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा करने का आह्वान किया।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर यहां कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में तिरंगा फहराने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

खरगे ने कहा, ‘‘अगर इस देश में कोई संविधान नहीं होता, तो हमारे लिए लोकतंत्र को बचाना संभव नहीं होता। हमारे स्वतंत्रता संग्राम के नेताओं और संविधान सभा के सदस्यों ने बहुत प्रयासों के बाद इस देश को संविधान दिया।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आरएसएस और भाजपा इस संविधान को विकृत करने और इसमें बदलाव करने की साजिश रच रहे हैं। भाजपा द्वारा हमारे स्वायत्त निकायों को एक-एक करके नष्ट करने या कमजोर करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। खासकर जब मोदी आरएसएस के हाथों की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं, तो हमारी न्यायपालिका या हमारी धर्मनिरपेक्षता को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।’’

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इस मौके पर उपस्थित थे।

खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है, लेकिन भाजपा इस देश की ‘‘एकमात्र रक्षक’’ होने का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि वे (भाजपा)देशभक्ति की बात करते हैं और युवाओं को यह दिखा रहे हैं कि केवल वे ही सच्चे देशभक्त हैं, बाकी सभी देशद्रोही हैं।

भाषा हक हक वैभव

वैभव


लेखक के बारे में