प्रधानमंत्री मोदी ने वियतनाम में हुई नाव दुर्घटना पर दुख जताया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने वियतनाम में हुई नाव दुर्घटना पर दुख जताया

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वियतनाम में हुई एक नाव दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर शनिवार को गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि भारतीय दूतावास तथा अन्य भारतीय मिशन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

वियतनाम मीडिया की खबरों के अनुसार शनिवार को हुए इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘वियतनाम में फू क्वोक के निकट भारतीय नागरिकों को ले जा रही नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से बहुत दुख हुआ।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय दूतावास और भारतीय वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकारी भी वियतनाम के अधिकारियों के साथ करीबी संपर्क में हैं।’’

अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।

वियतनामी समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के अनुसार, यह स्पीडबोट 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को लेकर हॉन मे रुत से अन थोई बंदरगाह जा रही थी, तभी हॉन मे रुत नगोई से लगभग 400 मीटर दूर यह पलट गई, जिससे नाव पर सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को न्यूजीलैंड की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गये।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश