पुलिस ने अपहृत लड़के को बचाया, छह इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

Ads

पुलिस ने अपहृत लड़के को बचाया, छह इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 01:07 AM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 01:07 AM IST

भुवनेश्वर, 21 मई (भाषा) पुलिस ने भुवनेश्वर से अगवा किए गए एक लड़के को बृहस्पतिवार को बचा लिया। इस संबंध में छह इंजीनियरिंग छात्रों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बुधवार शाम करीब 6:30 बजे भरतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कलिंग नगर चौक के पास एक सुनसान जगह से 17 वर्षीय लड़के का अपहरण कर लिया।

इसके बाद लड़के के पिता को पीड़ित के मोबाइल फोन से कॉल आई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया है और उसकी रिहाई के लिए पांच लाख रुपये चाहिए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अपहर्ताओं ने यह भी धमकी दी थी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे लड़के की हत्या कर देंगे।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप घटना के कुछ ही घंटों के भीतर अपहृत लड़के को सफलतापूर्वक बचा लिया गया और अपराध में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल