मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे पुलिस : बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Ads

मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे पुलिस : बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 05:28 PM IST

कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने बुधवार को पुलिस को मतदाताओं को डराने-धमकाने और चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने में कथित रूप से संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल निवारक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भेजे गए एक पत्र में, सीईओ कार्यालय में तैनात पुलिस पर्यवेक्षक ने कई विधानसभा क्षेत्रों और पुलिस थाना क्षेत्रों के कथित उपद्रवियों की एक सूची आवश्यक कार्रवाई के लिए साझा की।

पत्र में कहा गया है कि ये व्यक्ति ‘‘मतदाताओं को डराने-धमकाने और चुनावी प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने में सक्रिय रूप से शामिल हैं।’’

साथ ही जमीनी स्तर के अधिकारियों को उचित सावधानी बरतने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

पत्र में प्राथमिकी दर्ज करने, संबंधित प्रावधानों के तहत नोटिस जारी करने, जहां आवश्यक हो वहां निवारक हिरासत की कार्रवाई करने, संवेदनशील बूथों में गश्त बढ़ाने और चुनाव अवधि के दौरान नामित व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने जैसे कदम सुझाए गए हैं।

इसमें कहा गया है, ‘‘इनमें से किसी भी व्यक्ति द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने या अशांति फैलाने के किसी भी मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।’’

पत्र में चेतावनी दी गई है कि लापरवाही के लिए जवाबदेही तय की जाएगी।

भाषा शफीक माधव

माधव