इम्फाल, 22 अप्रैल (भाषा) मणिपुर में इम्फाल पूर्व जिले में कथित तौर पर प्रदर्शन में शामिल होकर सुरक्षा बलों पर पथराव करने के आरोप में एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इसी आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी मंगलवार को पकड़ा गया।
मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दोनों व्यक्ति पूर्व जिले के कोइरेंगई क्रॉसिंग (एनएच-02, इंफाल–दीमापुर मार्ग) पर सड़क पर मलबा जलाकर और गुलेल व पथराव के जरिए सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हिंसा फैला रहे थे।”
गिरफ्तार पुलिसकर्मी की पहचान थौदाम गोजेंद्रो सिंह के रूप में हुई है, हालांकि उसका पद सार्वजनिक नहीं किया गया है।
दोनों आरोपी बिष्णुपुर जिले के त्रोंग्लाओबी में सात अप्रैल को संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए बम हमले के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा शुरू किए गए आंदोलन में शामिल थे। इस हमले में सो रहे एक पांच वर्षीय बच्चे और उसकी छह महीने की बहन की मौत हो गई थी, जबकि उनकी मां घायल हो गई थी।
मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने इन मामलों की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपने का निर्णय लिया है।
मणिपुर में मई 2023 से घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा में अब तक कम से कम 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
भाषा
राखी रंजन
रंजन