प्रधान ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा के मूल्यांकन, परिणाम बाद प्रक्रिया पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

Ads

प्रधान ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा के मूल्यांकन, परिणाम बाद प्रक्रिया पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 03:04 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 03:04 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को यहां सीबीएसई मुख्यालय में 12वीं कक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया और परीक्षा परिणाम के बाद की प्रक्रियाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की।

यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) अपनी ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर तीखी आलोचना का सामना कर रहा है।

द्वारका स्थित बोर्ड मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, सीबीएसई अध्यक्ष राहुल सिंह, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर के निदेशक तथा शिक्षा मंत्रालय, केंद्रीय विद्यालय संगठन, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और सीबीएसई के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बोर्ड ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बैठक में सीबीएसई की 12वीं कक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया और परीक्षा परिणाम के बाद की प्रक्रियाओं की प्रगति पर चर्चा और समीक्षा की गई।’’

उसने कहा, ‘‘विचार-विमर्श छात्र-अनुकूल पुनर्मूल्यांकन पोर्टल उपलब्ध कराने, सीबीएसई के डिजिटल मंचों को मजबूत करने, छात्रों के लिए परीक्षा और परिणाम सुविधा तंत्र को बेहतर बनाने तथा मूल्यांकन और निगरानी प्रणाली में सुधार पर केंद्रित रहा।’’

बोर्ड ने कहा कि हितधारकों ने छात्रों के सहयोग के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया और भविष्य में अधिक मजबूत, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवाएं उपलब्ध कराने की योजनाओं पर चर्चा की, ताकि छात्रों को अधिक लाभ मिल सके।

ओएसएम प्रणाली को लेकर विवाद तब बढ़ गया जब 12वीं कक्षा के कई छात्रों ने अंक देने में गड़बड़ी का आरोप लगाया और कहा कि बोर्ड द्वारा अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा