नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) दिशानिर्देश 2026 की शुरूआत की और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप समुदाय की मजबूत भागीदारी, बेहतर स्कूल बुनियादी ढांचे और अद्यतन शिक्षण पद्धति की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रधान ने यहां आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित किया, जिसमें कई राज्यों के शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। प्रधान ने कहा कि एसएमसी कोई नई अवधारणा नहीं है, बल्कि इसका विकास समय के साथ हुअर है और विद्यालयों में सीखने के परिणामों और प्रशासन में सुधार के लिए आज भी इसकी प्रमुख भूमिका है।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे शैक्षणिक सत्र आगे बढ़ता है, “हम पहले पिछले वर्ष पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा करते हैं और यही अगले चरण की पढ़ाई का आधार बनता है।”
उन्होंने कहा, “कुछ ही महीनों में हम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन के छह वर्ष पूरे कर लेंगे और इसके सातवें वर्ष में प्रवेश करेंगे। पहला चरण पहले ही पूरा हो चुका है।”
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने कक्षा 9 तक की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी हैं और कक्षा 10, 11 और 12 के लिए नई पाठ्यपुस्तकें आने वाले वर्षों में लायी जाएंगी।
भाषा रंजन पवनेश अमित
अमित