नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक निवास रहे बंगले का एक वीडियो ‘धुरंधर 3’ शीर्षक से बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्हें ‘दिल्ली का रहमान डकैत’ बताया।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री रहने के दौरान केजरीवाल के आधिकारिक आवास रहे बंगले को ‘शीशमहल’ कहती रही है। सिंह वीडियो में आवास की भव्य चीज़ों और उनकी कीमत की जानकारी देते हुए दिख रहे हैं।
ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत एक पाकिस्तानी गैंगस्टर है।
सिंह ने ‘एक्स’ पर लगभग 15 मिनट का वीडियो साझा किया है जिसमें वह फ्लैगस्टाफ रोड स्थित 6 नंबर बंगले का दौरा करते हुए दिख रहे हैं। यह बंगला 2015 से 2024 तक केजरीवाल का आधिकारिक निवास था और कथित भ्रष्टाचार के कारण भाजपा ने इसे ‘शीश महल’ कहा।
वीडियो में सिंह जकूज़ी और झूमर जैसी विभिन्न चीजों की कीमतों को साझा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में सिंह कहते हैं, ‘ऑटोमैटिक स्लाइडिंग दरवाजे और पर्दे की कीमत 90 लाख रुपये है, कांच से ढकी छत, अच्छी तरह से सुसज्जित दो रसोईघर, बेल्जियम के बर्तन, अमेरिका के फिटनेस उपकरण, भोजन को ऊपर ले जाने के लिए एक लिफ्ट, छह लोगों के परिवार के लिए 14 सीट वाली डाइनिंग टेबल।’
उन्होंने दावा किया कि बंगले की लागत 80 करोड़ रुपये थी और इसके विस्तार की योजना बनाई गई थी, लेकिन यह साकार नहीं हो सकी क्योंकि 2025 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्ता से बाहर कर दिया।
दिल्ली विधानसभा में सोमवार को पेश की गई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में बंगले के नवीनीकरण में हुई विभिन्न अनियमितताओं को सूचीबद्ध किया गया है। इस बंगले की नवीनीकरण की अनुमानित लागत लगभग आठ करोड़ रुपये थी, लेकिन इसका काम 33.66 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ।
सदन में सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान सिंह ने बुधवार को ‘शीश महल’ में रखी वस्तुओं की एक लंबी सूची पढ़ते हुए पहली बार केजरीवाल की तुलना रहमान डकैत से की थी।
उन्होंने कहा, ‘हाल में, एक लोकप्रिय फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज हुई थी। अरविंद केजरीवाल ‘रहमान डकैत’ की तरह थे, जिन्होंने दिल्ली के पैसों पर डाका डाला लेकिन हमारी ‘धुरंधर’ जनता ने पिछले साल ऐसे ‘डकैत’ को हरा दिया।”
आम आदमी पार्टी ने पलटवार करते हुए कहा कि जब केजरीवाल के ‘सरकारी आवास’ का नवीनीकरण हो रहा था, उसी दौरान प्रधानमंत्री का आवास भी बनाया जा रहा था।
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘मुख्यमंत्री आवास की हर जानकारी सार्वजनिक है, जबकि प्रधानमंत्री के आवास की हर जानकारी गुप्त रखी गई है।’
‘शीश महल’ का मुद्दा भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दों में से एक था और इसे फरवरी 2025 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की हार के कारणों में भी गिना जाता है।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव