(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) पहलगाम हमले की पहली बरसी पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न नेताओं ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और इस बात पर जोर दिया कि देश आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा।
सरकार ने कहा कि लोगों को नुकसान पहुंचाने या एकता को भंग करने के किसी भी प्रयास का दृढ़ता से जवाब दिया जाएगा। साथ ही कहा कि भारत आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों के खिलाफ अपनी कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति जारी रखेगा।
पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष इसी दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकतर पर्यटक थे।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से जवाबी सैन्य अभियान चलाया था, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सैन्य तथा आतंकी ढांचे को ध्वस्त किया था।
राष्ट्रपति मुर्मू ने पहलगाम आतंकवादी हमले की बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि देश हर जगह आतंकवाद को उसके सभी रूपों में हराने के अपने दृढ़ संकल्प पर कायम है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की दुखद मौत हमारी सामूहिक स्मृति में अंकित है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। आतंक के ऐसे कृत्य शांति और एकता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को नहीं रोक सकते।’’
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि इस तरह की बर्बरतापूर्ण घटनाएं देश के शांति, एकता और मानवता के चिरस्थायी मूल्यों को बनाए रखने के संकल्प को कभी नहीं डिगा सकतीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पिछले वर्ष इसी दिन हुए भीषण पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक राष्ट्र के रूप में हम शोक और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे।’’
पहलगाम आतंकवादी हमले की पहली बरसी पर भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी कृत्य का जवाब निश्चित तौर पर दिया जाएगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहलगाम हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट है और नफरत एवं डर के सामने कभी नहीं झुकेगा।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पहलगाम में पिछले वर्ष हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी वीरों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत उनका बलिदान और उनके परिवारों की पीड़ा को न कभी भूलेगा, और न ही इस कायराना कृत्य के दोषियों को कभी माफ करेगा।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत आतंकवाद तथा उसे पनाह देने वालों को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा।
गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा किए एक संदेश में कहा, ‘‘अपने लोगों को खोने का दुख और पीड़ा आज भी हर भारतीय के दिल में कायम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है, जिसके खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना और उसे हराना होगा। भारत आतंकवाद और उसे शरण देने वालों को कतई बर्दाश्त न करने की अपनी नीति जारी रखेगा।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को कभी नहीं भूलेगा और उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिजनों और परिवारों के दर्द में सहभागी हैं। हमारे राष्ट्र पर लगे उन घावों को हम कभी नहीं भूलेंगे।’’
सिंह ने कहा, ‘‘भारत ने दशकों तक सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद का सामना किया है, लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है। ठोस कार्रवाई के जरिए हमने दिखा दिया है कि हमारे लोगों को नुकसान पहुंचाने या हमारी एकता को बाधित करने की किसी भी कोशिश का जवाब पूरी ताकत और स्पष्टता के साथ दिया जाएगा।’’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और मजबूती से खड़े हैं। एक राष्ट्र के रूप में भारत एकजुट है – संकल्प में अटल, मनोबल में अडिग और हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ दृढ़।’’
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत संकल्प को दोहराया।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत आतंकवाद के हर रूप का मुकाबला करने के अपने संकल्प पर दृढ़ता से कायम है।’’
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि इस दिन का जम्मू कश्मीर के लोगों के मन पर आज भी गहरा प्रभाव है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम आतंकवाद की इस संवेदनहीन घटना में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वे केवल छुट्टियां मनाने आए थे, फिर भी उन्हें बेरहमी से निशाना बनाया गया और मार डाला गया। आज भी हम उनके शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उस दिन (22 अप्रैल 2025) हमने संकल्प लिया था – और हम इस पर कायम हैं – कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे कि इस तरह की (पहलगाम जैसी) घटना दोबारा कभी न हो। चाहे वह जम्मू कश्मीर सरकार हो, केंद्र हो या कानून व्यवस्था तंत्र, हम सभी इस प्रयास को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा है और ‘‘आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा।’’
भाषा शफीक माधव
माधव