नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘बदला नहीं, बदलाव’’ वाली टिप्पणी को लेकर बुधवार को उन पर कटाक्ष किया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री हर स्तर पर बदले की नीति अपना रहे हैं और उन्होंने जो बदलाव का सपना बेचा था वह पूरा नहीं हुआ है।
सिब्बल ने यह दावा भी किया प्रधानमंत्री मोदी चुनी हुई सरकारों को ‘बदला’ के आधार पर गिराने का ‘बदलाव’ लाए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप बदलाव चाहते हैं कि किसी भी राज्य में विपक्ष की सरकार न रहे। यह ‘बदला’ है, ‘बदलाव’ नहीं।’’
सिब्बल ने पश्चिम बंगाल चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘चुनाव आते हैं और जाते हैं, जीतना और हारना इसका हिस्सा है। लेकिन संविधान को पराजित नहीं किया जाना चाहिए, और लोकतंत्र को पराजित नहीं किया जाना चाहिए। जो जीतता है वह विजेता है, लेकिन वे कैसे जीतते हैं और किस तरह की साजिशें रचते हैं, यह अपने आप में सवाल उठाता है।’’
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह बदले नहीं, बदलाव का समय है।
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश