गुवाहाटी, 11 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राजग की तीसरी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे।
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंत विश्व शर्मा और अन्य भाजपा नेताओं ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जिसका नेतृत्व शर्मा लगातार दूसरी बार करेंगे।
मोदी गुवाहाटी के खानापारा इलाके के कोइनाधोरा स्थित राज्य अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।
शर्मा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और उनके अलावा चार और विधायक – भाजपा के दो और उसकी सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के एक-एक मंत्री शपथ लेंगे।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम में आदरणीय नरेन्द्र मोदी का हार्दिक स्वागत है। उनका यह दौरा असम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अवसर है क्योंकि राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा-राजग सरकार का शासन शुरू हो रहा है। हम उनके निरंतर आशीर्वाद और मार्गदर्शन की कामना करते हैं।’’
शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, शीर्ष उद्योगपति, सत्राधिकार (वैष्णव मठों के प्रमुख) और अन्य गणमान्य व्यक्ति, भाजपा कार्यकर्ता और बूथ समिति अध्यक्ष शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी रात में पहुंचने का कार्यक्रम है।
शपथ ग्रहण के लिए पहुंचने वालों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ललन सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान शामिल हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के उनके समकक्ष प्रमोद सावंत, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, बिहार के सम्राट चौधरी, छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मोहन चरण माझी और मध्य प्रदेश के मोहन यादव भी शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष