चंडीगढ़/रूपनगर, 20 मई (भाषा) पंजाब के रूपनगर जिले में भाखड़ा नहर से एक वाहन को करीब 26 साल बाद निकाला गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हादसे के दौरान वाहन में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे।
दो दशक से अधिक समय से 32 फुट गहरी भाखड़ा नहर के तल में पड़ी मारुति ओमनी वैन को स्थानीय गोताखोर कमलप्रीत सैनी ने ढूंढा।
सैनी ने दावा किया कि वैन के अगले हिस्से में मानव कंकाल के कुछ अवशेष मिले हैं। उन्होंने बताया कि एक कमीज भी मिली है जो मृत बच्चे की मानी जा रही है। बरामद की गई सभी वस्तुएं परिवार को सौंप दी गई हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2000 में नहर में गिरे वाहन को बाहर निकाल लिया गया है।
सैनी को यह वाहन रूपनगर के कीरतपुर साहिब पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नक्कियां गांव के पास भाखड़ा नहर में शव की तलाश करते समय मिला।
सैनी ने बताया, ‘‘मैं शव की तलाश कर रहा था तभी मुझे नहर में पड़ी वैन दिखाई दी। वाहन की छत और पिछला हिस्सा जंग लगने के कारण पूरी तरह से नष्ट हो चुका है। केवल अगला हिस्सा ही बचा है।’’
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और ट्रैक्टर की मदद से वाहन को नहर से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों से बात करने पर सैनी को पता चला कि वैन अक्टूबर 2000 में नहर में गिर गई थी।
कीरतपुर साहिब के निकट स्थित कोटला गांव निवासी आठ वर्षीय एक बच्चे सहित चार व्यक्ति शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी वैन नहर में गिर गई।
उस समय, पेशेवर गोताखोरों ने एक महीने तक खोज अभियान चलाया, लेकिन न तो वाहन और न ही उसमें सवार लोगों के शव बरामद हो सके।
सैनी ने बताया कि बाद में उन्होंने कोटला गांव में मृतकों के परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने उनसे वाहन निकालने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि नहर के तल में पानी की तेज धारा होने के कारण वाहन निकालने में समस्या आई।
भाषा सुभाष मनीषा
मनीषा