भुवनेश्वर, 12 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को अधिकारियों को पुरी के समुद्र तट को ‘‘आध्यात्मिक समुद्र तट’’ के रूप में विकसित करने और प्रतिदिन ‘‘महोदधि आरती’’ का भव्य आयोजन करने का निर्देश दिया।
माझी ने यह निर्देश पुरी के समग्र विकास, संरक्षण और श्री जगन्नाथ संस्कृति तथा आठवीं शताब्दी में आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित गोवर्धन पीठ के संवर्धन को लेकर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिया।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पीठ के महत्व को गौरवपूर्ण ढंग से पेश करने तथा उसकी विरासत और संपत्तियों की रक्षा के लिए कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने ‘स्वर्गद्वार’ के सामने समुद्र तट पर होने वाली पवित्र ‘संध्या महोदधि आरती’ पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समुद्र तट के सौंदर्यीकरण के साथ शाम की ‘आरती’ का आयोजन और भी भव्य तरीके से किया जाएगा।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘माझी ने प्रशासन को पूरे पुरी समुद्र तट को एक भव्य आध्यात्मिक समुद्र तट के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया है।’’
बैठक में पीठ के आसपास के क्षेत्र के विकास के साथ-साथ मठ परिसर में स्थित ‘श्री गोवर्धन गोशाला’ के उचित प्रबंधन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
भाषा देवेंद्र पारुल
पारुल