रांची, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की झारखंड इकाई के प्रभारी के. राजू ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी परीक्षाओं के उम्मीदवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मुद्दे को जल्द सुलझाने की अपील भी की।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब कथित अनियमितताओं के विरोध में 24 दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन पर भर्ती परीक्षा प्रणाली में सुधार की उनकी मांगों पर ‘‘ठोस कार्रवाई नहीं करने’’ का आरोप लगाया।
छात्रों ने यह भी मांग की है कि अगर मुख्यमंत्री उनकी चिंताओं पर कार्रवाई नहीं करते हैं तो कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार से अपना समर्थन वापस ले।
राजू ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन को पत्र लिखकर उनसे प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने और उनकी समस्याओं के समाधान का आग्रह किया है।
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘गांधी ने 14 अगस्त को सोरेन को पत्र लिखकर इस बात की सराहना की कि झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री द्वारा गठित एक समिति के माध्यम से छात्रों के साथ बातचीत शुरू की है और उनकी कई मांगों पर सहमति बनी है।’’
राजू ने उम्मीद जताई कि इस बैठक से छात्रों की चिंताओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
सोरेन को लिखे अपने पत्र में गांधी ने कहा कि भारत के युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘‘संकट की इस घड़ी में हमें उनके साथ एकजुटता दिखानी चाहिए और उनका समर्थन करना चाहिए।’’
विपक्ष के नेता ने अपने पत्र में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी का मानना है कि भारत के संविधान में दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। इसलिए हमने पिछले कुछ महीनों में प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शनकारी छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है।’’
प्रदर्शनकारियों की मांगों को जायज बताते हुए गांधी ने आंदोलनकारियों के साथ बातचीत शुरू करने के झारखंड सरकार के कदम की सराहना की।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने सोरेन को लिखे अपने पत्र में कहा, ‘‘मैं आपको सुझाव देने के लिए यह पत्र लिख रहा हूं कि आप प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें। इससे छात्रों की शेष चिंताओं के समाधान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी।’’
झारखंड सरकार की समिति सोमवार को अपराह्न दो बजे ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ फिर से बातचीत करेगी।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा