राजस्थान के कई इलाकों में अगले हफ्ते फिर से बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद

Ads

राजस्थान के कई इलाकों में अगले हफ्ते फिर से बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 11:24 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 11:24 AM IST

जयपुर, 18 जुलाई (भाषा) राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून लगातार कमजोर बना हुआ है, हालांकि अगले हफ्ते इसके दुबारा जोर पकड़ने और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इसके अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां अगले दो-तीन दिन जारी रहेंगी। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में 21 जुलाई से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

वहीं 22-23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी व मध्य भागों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। जबकि 23 से 28 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर-बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई जबकि पश्चिमी भाग मुख्यतया शुष्क रहे। सबसे अधिक 32 मिलीमीटर बारिश बसवा (दौसा) में हुई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

भाषा पृथ्वी वैभव

वैभव