नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हल्की बारिश तथा गर्मी एवं उमस भरे मौसम की संभावना जताते हुए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हालांकि, यह एक दिन पहले की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
अन्य मौसम केंद्रों में पालम में न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड केंद्र पर न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले 0.9 डिग्री कम है।
आयानगर मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने शनिवार और रविवार, दोनों दिनों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शनिवार को सुबह या पूर्वाह्न के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की भी संभावना है।’’ उन्होंने कहा कि रविवार को भी मौसम की ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
इस बीच, शनिवार सुबह राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 173 दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 177 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा
गोला वैभव
वैभव