राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: मुख्य आरोपी टिन्नू और उसके भतीजे पुलिस रिमांड पर

Ads

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: मुख्य आरोपी टिन्नू और उसके भतीजे पुलिस रिमांड पर

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 11:23 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 11:23 AM IST

अयोध्या (उप्र), 18 जुलाई (भाषा) राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव को पुलिस रिमांड पर लिये जाने के बाद शनिवार को मेडिकल जांच के लिए पुलिस लाइन ले जाया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक मामलों की विशेष अदालत ने शुक्रवार को मामले के दोनों मुख्य आरोपियों को 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इससे जांच अधिकारियों को दोनों आरोपियों से पूछताछ करने और कथित तौर पर चोरी की गई नकदी, कीमती सामान तथा अन्य साक्ष्य बरामद करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव की सात दिन की रिमांड का अनुरोध किया था, लेकिन अदालत ने 39 घंटे की रिमांड मंजूर की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जेल में दोनों से पूछताछ की थी जिसके बाद नए सुरागों के आधार पर रिमांड अर्जी दाखिल की।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी माने जाने वाला टिन्नू कथित तौर पर मंदिर के दानपात्रों की निगरानी करता था, जबकि मनीष चढ़ावा राशि की गिनती के काम में शामिल था।

पुलिस इससे पहले टिन्नू के घर से एक लाख रुपये और मनीष के घर से दो लाख रुपये बरामद कर चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि रिमांड के दौरान जांचकर्ता दोनों आरोपियों को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर कथित चोरी के बारे में पूछताछ करेंगे। साथ ही अतिरिक्त नकदी और कीमती सामान का पता लगाने तथा कथित तौर पर गबन की गई रकम से खरीदी गई संपत्तियों का सत्यापन भी किया जाएगा।

जांच एजेंसी इस मामले में गिरफ्तार छह अन्य आरोपियों से भी पूछताछ कर चुकी है।

जांच अधिकारियों ने बैंक के पूर्व कर्मचारियों सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा की निशानदेही पर इस सप्ताह की शुरुआत में बरामद नकदी, आभूषण और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी अदालत में प्रस्तुत किए। दोनों से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की गई थी।

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था। अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं।

विपक्षी दलों ने कहा है कि वे 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का मुद्दा उठाएंगे।

भाषा सं जफर वैभव खारी

खारी