नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पचपदरा रिफाइनरी परियोजना के इतिहास की सही जानकारी नहीं है और वह ‘झूठ बोलने’ के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राह पर हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री ने भाजपा को ‘झूठ बोलो, बार-बार झूठ बोलो’ का मंत्र दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘किसने किया काम, और कौन जता रहे हैं नाम। प्रधानमंत्री ने भाजपा को ‘झूठ बोलो, बार-बार झूठ बोलो’ का मंत्र दिया है और राजस्थान के मुख्यमंत्री उसी राह पर चल रहे हैं।’’
गहलोत ने अपने पोस्ट में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री को राज्य की इतनी बड़ी परियोजना पचपदरा रिफाइनरी के इतिहास और शिलान्यास की बुनियादी जानकारी तक नहीं है।
उनके अनुसार, मुख्यमंत्री का यह दावा कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रिफाइनरी का शिलान्यास किया था, पूरी तरह तथ्यात्मक रूप से गलत है।
गहलोत ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी का वास्तविक शिलान्यास वर्ष 2013 में तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी और तत्कालीन पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने किया था।
उन्होंने इससे जुड़ी एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में नवनिर्मित रिफाइनरी का शनिवार को उद्घाटन किया।
मोदी ने साथ ही बालोतरा के पचपदरा में भारत के पहले ‘ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर’ को राष्ट्र को समर्पित किया।
उन्होंने इसे भारत के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
भाषा हक दिलीप
दिलीप